पीछे से कुछ सीढियां ऊपर को जाती हैं,
ऊपर एक पुराना दरवाज़ा है.
खुलने बंद होने पर कुछ,
चूं-चूं की आवाज़ करता है.
पुराना है, इसकी तहज़ीब अभी बाकि है,
आने पर सलाम करता है, जाने पर दुआ देता है.
पीछे से कुछ सीढियां ऊपर को जाती हैं,
ऊपर एक पुराना दरवाज़ा है.
दरवाज़े पर हाथों के निशान हैं,
कुछ के नाम हैं, कुछ गुमनाम हैं,
दोस्तों की भीड़ थी, भीड़ क्या जलसे थे,
सिकंदर और पुरस की लडाई थी,
कुछ सिप्पियों के खजाने भी थे,
नींद में सुनते कुछ फ़साने थे.
अब तो यह कुण्डी भी मुश्किल से खुलती है,
जतन कर रहा हूँ कुछ पुराना कुरेदने की,
इस खुरचन में कुछ चाव है, कुछ घाव भी है.
पीछे से कुछ सीढियां ऊपर को जाती हैं,
ऊपर एक पुराना दरवाज़ा है.
अँधेरे कमरे में रौशनी करके,
यह पहचानासा जहाँ, अजनबी सा लगता है.
समय में कुछ मीलों की दूरियें आ चुकी हैं,
कुछ किताबें जिनसे पढना सीखा,
कुछ खिलोने जिनसे जीना.
कुछ नाम याद हैं मुझे बड़े करीब थे जो.
पुरानी-करीबी चीज़ों की छुअन बड़ी गहरी होती है,
रफ़्तार में एहसास नज़रअंदाज़ हो जाते हैं.
पीछे से कुछ सीढियां ऊपर को जाती हैं,
ऊपर एक पुराना दरवाज़ा है.
खुलने बंद होने पर कुछ,
चूं-चूं की आवाज़ करता है.